लखनऊ मेंअब दिखेगा हैंडबॉल का जोर: ‘यूपी प्रो हैंडबॉल लीग’ का आगाज 9 अप्रैल से

Neetu Anu

April 6, 2026

यूपी की पहली आधिकारिक ‘यूपी प्रो हैंडबॉल लीग’ का बजा बिगुल

9 से केडी सिंह बाबू स्टेडियम में प्रदेश की 6 दिग्गज टीमें खिताब को भिड़ेंगी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की पहली आधिकारिक ‘यूपी प्रो हैंडबॉल लीग’ का बिगुल बज चुका है। आगामी 9 से 14 अप्रैल तक केडी सिंह बाबू स्टेडियम के अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देश्यीय हॉल में प्रदेश की 6 दिग्गज टीमें खिताब के लिए पसीना बहाती नजर आएंगी।

6 टीमें और 2 लाख का इनाम लीग के सीईओ डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय और प्रबंध निदेशक अमित पाण्डेय ने प्रेस वार्ता में बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य हैंडबॉल को क्रिकेट और कबड्डी जैसी व्यावसायिक पहचान दिलाना है। इस टूर्नामेंट में काशी किंग्स, मथुरा ब्रज स्टार, नोएडा ब्लास्टर्स, गाजियाबाद पैंथर्स, बर्बरीक वारियर्स और गोरखपुर राउडीज़ के बीच कुल 15 लीग मुकाबले होंगे। विजेता टीम को 2 लाख रुपये और उपविजेता को 1 लाख रुपये की इनामी राशि दी जाएगी।

तेज रफ्तार फॉर्मेट और दिग्गज खिलाड़ी लीग को रोमांचक बनाने के लिए इसे 20-2-20 मिनट के छोटे और तेज फॉर्मेट में रखा गया है। प्रत्येक टीम की कमान अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के ‘आइकन प्लेयर्स’ के हाथों में होगी। इनमें अनीश यादव (काशी किंग्स), अंकित चौधरी (नोएडा ब्लास्टर्स) और मोहित यादव (बर्बरीक वारियर्स) जैसे दिग्गज खिलाड़ी खेल का स्तर बढ़ाएंगे।

सीधा प्रसारण और भव्य उद्घाटन 9 अप्रैल को दोपहर एक बजे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक लीग का भव्य उद्घाटन करेंगे। इस दौरान राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी और विधायक सुशील सिंह भी मौजूद रहेंगे। खेल प्रेमी इस रोमांच का लुत्फ न केवल स्टेडियम में, बल्कि दूरदर्शन, फैन कोड और वेव ओटीटी पर सीधे प्रसारण के जरिए भी उठा सकेंगे। लीग की ब्रांड एंबेसडर और अभिनेत्री सबिता कलवार ने इसे यूपी के खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा मंच करार दिया है। 14 अप्रैल को शाम 5 बजे टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा, जहाँ शीर्ष दो टीमें ऐतिहासिक ट्रॉफी के लिए टकराएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *