यूपी में खेलों को बढ़ावा देने के लिए उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन ने की पहल
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से जनभवन में शिष्टाचार भेंट की
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने की कड़ी में उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने राजभवन में माननीय राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल से शिष्टाचार भेंट की। एसोसिएशन के सचिव सुधीर शर्मा के नेतृत्व में पहुंचे इस दल ने प्रदेश में रोइंग (नौकायन) की वर्तमान गतिविधियों और भविष्य के रोडमैप से राज्यपाल को अवगत कराया।
मुलाकात के दौरान सचिव सुधीर शर्मा ने जानकारी दी कि गोरखपुर का रामगढ़ताल अब अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैयारियों का केंद्र बन रहा है। यहाँ ’20वें एशियन गेम्स’ के लिए भारतीय महिला रोइंग टीम का 51 दिवसीय राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। इस कैंप में देश की चुनिंदा महिला खिलाड़ियों को एशियन रोइंग चैंपियनशिप के स्वर्ण पदक विजेता कोच राजेश कुमार यादव द्वारा विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
‘अस्मिता’ पहल से सशक्त होंगी महिला खिलाड़ी
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को भारत सरकार की ‘खेलो इंडिया’ योजना के अंतर्गत संचालित “अस्मिता” (अचीविंग स्पोर्ट्स माइलस्टोन थ्रू एक्शन) पहल के बारे में विस्तार से बताया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक महिलाओं को रोइंग से जोड़ना और उन्हें राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करना है।
राज्यपाल ने दी सराहना और शुभकामनाएं
राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने एसोसिएशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं को खेलों में आगे लाने की यह पहल प्रदेश के खेल जगत के लिए एक बड़ा कदम है। उन्होंने एशियन गेम्स के लिए अभ्यास कर रही टीम को अपनी शुभकामनाएं भी दीं। इस अवसर पर एसोसिएशन की ओर से राज्यपाल को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
प्रतिनिधिमंडल में सचिव सुधीर शर्मा के साथ पीयूष सिंह चौहान, सर्व मित्र भट्ट, संदीप अरोड़ा, पुनीत अग्रवाल, राकेश शुक्ला, आलोक सोती और देवेन्द्र शुक्ला सहित अन्य प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे।

