अब लगातार चार दिनों तक सरकारी कामकाज बंद रहेगा
28 फरवरी (शनिवार) को प्रदेश के समस्त कार्यालय खुले रहेंगे
लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन ने होली के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को बड़ी राहत देते हुए छुट्टियों के कैलेंडर में महत्वपूर्ण संशोधन किया है । शासन के इस निर्णय से अब रंगों का त्योहार और भी सुकूनभरा हो गया है, क्योंकि 1 मार्च को पड़ने वाले रविवार के साथ जुड़कर छुट्टियों का एक लंबा सिलसिला शुरू होने जा रहा है।
शासन से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, पूर्व में घोषित अवकाशों के क्रम में अब लगातार चार दिनों तक सरकारी कामकाज बंद रहेगा। 1 मार्च (रविवार): साप्ताहिक अवकाश होने के कारण छुट्टियों का आगाज़ इसी दिन से हो जाएगा।
मार्च (सोमवार): पूर्व घोषित सूची के अनुसार ‘होलिका दहन’ का राजपत्रित अवकाश रहेगा। 3 मार्च (मंगलवार): शासन ने इस दिन भी ‘निगोशियेबुल इन्स्ट्रूमेन्ट एक्ट, 1881’ के अधीन सार्वजनिक अवकाश घोषित करने का निर्णय लिया है । 4 मार्च (बुधवार): होली का मुख्य राजपत्रित अवकाश पहले से ही निर्धारित है ।
शनिवार (28 फरवरी) को खुले रहेंगे कार्यालय
3 मार्च के अतिरिक्त अवकाश के बदले शासन ने कार्यसंतुलन बनाए रखने के लिए एक विशेष व्यवस्था की है । आगामी 28 फरवरी (शनिवार) को प्रदेश के समस्त सरकारी कार्यालय, बैंक, संस्थान और कोषागार सामान्य कार्य दिवस की भांति खुले रहेंगे ।
यह आदेश प्रमुख सचिव एसवीएस रंगा राव द्वारा जारी किया गया है, जिसमें स्पष्ट किया गया है कि 17 नवम्बर, 2025 को जारी मूल अवकाश विज्ञप्ति को इस सीमा तक संशोधित समझा जाए । इस लंबी छुट्टी से जहाँ कर्मचारी परिवार के साथ पर्व का आनंद ले सकेंगे, वहीं शनिवार को कार्य दिवस होने से लंबित सरकारी कार्यों को निपटाने का अवसर भी मिलेगा।

