मैनचेस्टर सुपर जायंट्स का उदय: द हंड्रेड में RPSG ग्रुप के साथ एक नए युग का आगाज़

Prashant

February 25, 2026

दिग्गज नेतृत्व और कोचिंग स्टाफ, विश्वस्तरीय खिलाड़ियों का अनुबंध

द हंड्रेड लीग के लिए अपनी नई फ्रेंचाइजी ‘मैनचेस्टर सुपर जायंट्स’ की घोषणा

 

लखनऊ/मैनचेस्टर। क्रिकेट जगत में ‘सुपर जायंट्स’ परिवार का विस्तार अब इंग्लैंड तक हो चुका है। आरपी-संजीव गोयनका ग्रुप (RPSG) और लंकाशायर क्रिकेट ने द हंड्रेड लीग के लिए अपनी नई फ्रेंचाइजी ‘मैनचेस्टर सुपर जायंट्स’ के नाम और नेतृत्व की आधिकारिक घोषणा कर दी है। ऐतिहासिक एमिरेट्स ओल्ड ट्रैफर्ड को टीम का घरेलू मैदान बनाया गया है।

फ्रेंचाइजी ने वैश्विक स्तर पर सफलता सुनिश्चित करने के लिए क्रिकेट के सबसे बड़े नामों को साथ जोड़ा है। अनुभवी ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज टॉम मूडी को ‘ग्लोबल डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट’ नियुक्त किया गया है। वहीं, पुरुष टीम की कमान ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विश्व विजेता कोच जस्टिन लैंगर के हाथों में होगी, जो साइमन कैटिच का स्थान लेंगे। महिला टीम के लिए मैथ्यू मोट को हेड कोच चुना गया है, जिनके पास ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की अंतरराष्ट्रीय टीमों के साथ विश्व खिताब जीतने का अभूतपूर्व अनुभव है।

लॉन्च के साथ ही टीम ने अपनी शुरुआती ‘प्री-साइनिंग्स’ से इरादे स्पष्ट कर दिए हैं। पुरुष टीम: जोस बटलर, हेनरिक क्लासेन, नूर अहमद और लियाम डॉसन। महिला टीम: मेग लैनिंग, स्मृति मंधाना और सोफी एक्लेस्टोन होंगे। आरपीएसजी ग्रुप के चेयरमैन डॉ. संजीव गोयनका ने इस कदम को यूके के खेल बाजार में एक दीर्घकालिक निवेश और महत्वाकांक्षी अध्याय बताया। ग्रुप के वाइस चेयरमैन शाश्वत गोयनका ने कहा, “मैनचेस्टर की खेल विरासत असाधारण है। सुपर जायंट्स केवल एक टीम नहीं, बल्कि एक भावना है जो इस शहर के जुनून और विजयी मानसिकता को दर्शाती है।”

फ्रेंचाइजी वैश्विक विशेषज्ञता और स्थानीय गौरव का बनेगी अनूठा संगम

मैनचेस्टर सुपर जायंट्स के चेयर जेम्स शेरिडन के अनुसार, यह फ्रेंचाइजी वैश्विक विशेषज्ञता और स्थानीय गौरव का अनूठा संगम बनेगी। द हंड्रेड 2026 का शेड्यूल 27 जनवरी को जारी होगा, जबकि खिलाड़ियों की नीलामी मार्च 2026 में आयोजित की जाएगी। मैनचेस्टर के क्रिकेट प्रशंसकों के लिए यह बदलाव न केवल नई पहचान, बल्कि विश्व स्तर पर खिताब जीतने की नई उम्मीद लेकर आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *