खेल से निखरेगा युवा भारत, गोरखपुर में बनेगा अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
अगली बार विधायक खेल प्रतिस्पर्धा नगरीय क्षेत्र में दो स्तर:स्कूल और वॉर्ड स्तर पर आयोजित होगी
लखनऊ/गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर स्थित वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित विधायक खेल प्रतिस्पर्धा-2025 के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विगत 11 वर्षों में प्रदेश में खेल और खेलकूद की संस्कृति में व्यापक परिवर्तन आया है और उत्तर प्रदेश आज राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर नई पहचान बना रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलकूद शारीरिक और मानसिक रूप से युवाओं को सशक्त बनाता है। सम-विषम परिस्थितियों में खेल व्यक्ति को अनुशासन, आत्मविश्वास और ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में प्रत्यक्ष रूप से एक हजार तथा अप्रत्यक्ष रूप से लगभग दस हजार खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिससे आयोजन को नई ऊंचाई मिली।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अगली बार विधायक खेल प्रतिस्पर्धा नगरीय क्षेत्र में दो स्तर—स्कूल और वॉर्ड स्तर—पर आयोजित की जाएगी। इसमें बेसिक, माध्यमिक, उच्च शिक्षा तथा विश्वविद्यालय स्तर के छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। वॉर्ड स्तर पर आम नागरिकों और सेवानिवृत्त लोगों के लिए भी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर गांव में खेल का मैदान, विकासखंड स्तर पर मिनी स्टेडियम और जनपद स्तर पर स्टेडियम का निर्माण किया जाए। गोरखपुर के बेलीपार क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है, जिससे पूर्वी उत्तर प्रदेश के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर की सभी संस्थाओं से आह्वान किया कि वे एक-एक खेल को गोद लें। इसमें संस्थाओं और सरकार की संयुक्त सहभागिता होगी तथा योग्य प्रशिक्षकों की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा, “जब युवा खेलेगा, तभी देश खिलेगा। विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने का रास्ता यहीं से प्रारंभ होता है।”
खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में खिलाड़ियों को बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, सुविधाएं और खेल कोटे से नौकरियां उपलब्ध कराई जा रही हैं। मत्स्य मंत्री संजय निषाद और सांसद रवि किशन शुक्ल ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

