मिलावटी खाद व कालाबाजारी पर एनएसए के तहत होगी कठोर कार्रवाई
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने मंगलवार को की उच्चस्तरीय बैठक
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में खाद की समुचित उपलब्धता और सुचारु वितरण सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि मिलावटी अथवा नकली खाद बेचने वालों और खाद की कालाबाजारी में संलिप्त तत्वों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि खाद के संबंध में किसी भी किसान को परेशानी होती है तो जिम्मेदारी तय की जाएगी और दोषी चाहे किसी भी स्तर का हो, उस पर कार्रवाई सुनिश्चित होगी।
प्रतिदिन होगी समीक्षा, फील्ड में कड़ी निगरानी
मुख्यमंत्री ने सहकारिता और कृषि मंत्री को निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन खाद की उपलब्धता और वितरण की स्थिति की समीक्षा करें। मुख्यमंत्री कार्यालय से सभी जनपदों की सीधी निगरानी की जाएगी। जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी और उप जिलाधिकारी को खाद की दुकानों और समितियों पर आकस्मिक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। ओवररेटिंग किसी भी दशा में स्वीकार नहीं की जाएगी और खाद समितियां निर्धारित समयावधि के अनुसार अनिवार्य रूप से खुली रहेंगी। किसानों को डीएपी, यूरिया और पोटाश केवल निर्धारित सरकारी दरों पर ही उपलब्ध कराया जाए।
लापरवाही पर विजिलेंस जांच के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि फील्ड में तैनात अधिकारियों की गतिविधियों पर निरंतर नजर रखी जाएगी। किसी भी स्तर पर मिलीभगत या लापरवाही सामने आने पर खुली विजिलेंस जांच कराई जाएगी। उन्होंने दोहराया कि उपलब्धता के बावजूद किसी किसान को खाद के लिए भटकना न पड़े, यही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। खाद संकट पैदा करने या कृत्रिम अभाव दिखाने वालों के लिए प्रदेश में कोई स्थान नहीं है।
प्रदेश में खाद की स्थिति
बैठक में बताया गया कि 16 दिसम्बर 2025 तक प्रदेश में कुल 9.57 लाख मीट्रिक टन यूरिया, 3.77 लाख मीट्रिक टन डीएपी और 3.67 लाख मीट्रिक टन एनपीके उर्वरक उपलब्ध है।
- यूरिया: सहकारी क्षेत्र में 3.79 लाख मीट्रिक टन, निजी क्षेत्र में 5.78 लाख मीट्रिक टन
- डीएपी: सहकारी क्षेत्र में 1.47 लाख मीट्रिक टन, निजी क्षेत्र में 2.30 लाख मीट्रिक टन
- एनपीके: सहकारी क्षेत्र में 0.88 लाख मीट्रिक टन, निजी क्षेत्र में 2.79 लाख मीट्रिक टन
रबी फसलों की बुवाई लगभग पूर्ण
अधिकारियों ने बताया कि रबी फसलों की बुवाई लगभग पूरी हो चुकी है और गेहूं की फसल में टॉप ड्रेसिंग के लिए यूरिया का वितरण जारी है। गत वर्ष की तुलना में इस अवधि में यूरिया की बिक्री अधिक रही है और वर्तमान में प्रतिदिन औसतन 54,249 मीट्रिक टन यूरिया का वितरण किया जा रहा है।

