यूपी सरकार के मंत्री असीम अरुण के निजी सचिव को महिला के शीलभंग के आरोप में निलंबित कर दिया
शिकायत करने पर मंत्री ने खुद पुलिस को बुलाया था और आरोपी को गिरफ्तार करवा दिया था
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण के निजी सचिव रहे जय किशन सिंह को आउटसोर्स महिला कर्मचारी से छेड़छाड़ के आरोप में निलंबित कर दिया है। महिला की शिकायत पर मंत्री असीम अरुण ने पुलिस को बुलाया था और आरोपी सचिव को गिरफ्तार करवा दिया था।
गुरूवार को एक महिला कर्मचारी ने मंत्री असीम अरुण के निजी सचिव जय किशन सिंह पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया। महिला ने रोते हुए आपबीती बताई। महिला की पीड़ा सुनने के बाद गोमतीनगर पुलिस को बुलाकर आरोपी जय किशन सिंह को थाने भिजवा दिया था। पुलिस ने महिला की तहरीर पर छेड़छाड़ की एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। अब उसे निलंबित कर दिया गया है।
महिला ने रोते हुए बताया था कि निजी सचिव अक्सर उसे अपने कमरे में बुलाते हैं। इसके बाद आए दिन छेड़छाड़ करते हैं। विरोध पर नौकरी से निकालने की धमकी देते हैं। मंत्री के पूछने पर महिला ने विस्तार से पूरी बात बताई थी।
आरोप है कि 28 जुलाई को महिला दफ्तर में अकेली थी। इस दौरान आरोपी ने उनके साथ अश्लील हरकत की। पीड़िता ने जब शिकायत करने की बात कही तो वह गाली गलौज करने लगा। आरोपी अक्सर महिला के कपड़ों के बारे में भी टिप्पणी करता था और ऊंची पहुंच बताता था। परेशान होकर पीड़िता घर चली गई थी। बृहस्पतिवार को मंत्री के दफ्तर पहुंचने की जानकारी होने पर महिला वहां पहुंची और शिकायत की।
निजी सचिव की हरकतों की जानकारी पाकर मंत्री नाराज हो गए। उन्होंने पुलिस बुलाकर दफ्तर से ही आरोपी को सीधे थाने भिजवा दिया। आरोपी जय किशन विक्रांत खंड का रहने वाला है।