प्रदेश स्तरीय जूनियर बालक हॉकी प्रतियोगिता: पहले दिन रोमांचक मुकाबले, कई टीमों की दमदार जीत
लखनऊ। भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्मशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश हॉकी संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रदेश स्तरीय जूनियर बालक हॉकी प्रतियोगिता 2025–26 का शुभारंभ आज पद्मश्री मोहम्मद शाहिद हॉकी स्टेडियम, लखनऊ में हुआ।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि निदेशक खेल एवं अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश हॉकी डॉ. आर.पी. सिंह रहे। इस अवसर पर महासचिव, उत्तर प्रदेश हॉकी रजनीश मिश्रा तथा ओलंपिक कांस्य पदक विजेता ललित उपाध्याय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उप क्रीड़ा अधिकारी रंजीत राज, अरविंद कुशवाहा, सहायक प्रशिक्षक निशित दीक्षित, विकास पांडेय सहित अन्य अधिकारी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि डॉ. आर.पी. सिंह ने कहा कि प्रदेश में हॉकी प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण है।
पहले दिन रोमांचक मुकाबले, कई टीमों की दमदार जीत
पहले दिन खेले गए मुकाबलों में लखनऊ हॉस्टल ने आगरा मंडल को 6–0 से पराजित किया, स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ ने मेरठ मंडल को 7–0 से हराया, स्पोर्ट्स हॉस्टल वाराणसी ने अलीगढ़ मंडल पर 2–0 से जीत दर्ज की, बस्ती मंडल ने आजमगढ़ मंडल को 4–0 से पराजित किया, जबकि कानपुर मंडल और बरेली मंडल का मुकाबला 1–1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। इसी क्रम में लखनऊ मंडल ने देवीपाटन मंडल को 5–0 से परास्त किया और स्पोर्ट्स हॉस्टल झांसी ने अयोध्या मंडल को 6–1 से मात दी। वाराणसी मंडल और प्रयागराज मंडल के बीच खेला गया मुकाबला भी 1–1 की बराबरी पर रहा, जिसमें वाराणसी ने 14वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर से बढ़त बनाई, जिसे प्रयागराज ने 30वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के माध्यम से बराबर कर दिया। दोनों टीमों ने मैच के अंतिम क्षणों तक संघर्षपूर्ण खेल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

