बाबूजी कल्याण सिंह ने शिक्षक संघ कार्यकर्ता, भाजपा के एक कर्मठ कार्यकर्ता से लेकर यूपी के मुख्यमंत्री के रूप में स्वयं को भारत की राष्ट्रीयता के लिए समर्पित किया: मुख्यमंत्री

Anoop

August 22, 2025

मुख्यमंत्री ने अलीगढ़ में कल्याण सिंह की चौथी पुण्यतिथि और तीसरे हिंदू गौरव दिवस कार्यक्रम को सम्बोधित किया

सीएम योगी ने ने कहा कि जो लोग आज पीडीए के नाम पर समाज को बांटने का प्रयास कर रहे हैं


लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अलीगढ़ के एक छोटे से गांव में एक सामान्य किसान परिवार में जन्मे श्रद्धेय बाबूजी कल्याण सिंह ने बचपन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से राष्ट्रीयता के संस्कार ग्रहण किए। एक शिक्षक, संघ कार्यकर्ता व भारतीय जनता पार्टी के एक कर्मठ कार्यकर्ता से लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने स्वयं को भारत की राष्ट्रीयता के लिए समर्पित किया। उनकी पूरी यात्रा प्रेरणादायक है। सीएम कल्याण सिंह की चतुर्थ पुण्यतिथि और तृतीय हिंदू गौरव दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने श्री कल्याण सिंह जी की स्मृतियों को नमन करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि दी। केन्द्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह भी वर्चुअली जुड़े। कल्याण सिंह के व्यक्तित्व-कृतित्व पर लघु फिल्म प्रदर्शित की गयी।

सीएम योगी ने कहा कि कल्याण सिंह जी ने वर्ष 1977 में तत्कालीन सरकार में स्वास्थ्य मंत्री के रूप में तथा बाद में उत्तर प्रदेश के बिगड़े हालात में कानून के राज की स्थापना करते हुए सुशासन की मिसाल प्रस्तुत की। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व और उनके मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश में विगत साढ़े आठ वर्षों में विकास, सुशासन, समृद्धि तथा सुरक्षा के लिए हम जो कुछ भी कार्य कर पाए हैं, उनकी आधारशिला कल्याण सिंह जी ने रखी थी। वर्ष 1990-91 और वर्ष 1996-97 में उन्होंने सरकार बनाकर प्रदेश के विकास की जो आधारशिला रखी थी, उसी पर कार्य करते हुए तथा उनके आदर्शों को अंगीकार करते हुए आज डबल इंजन सरकार प्रदेश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है।

सीएम योगी ने ने कहा कि जो लोग आज पीडीए के नाम पर समाज को बांटने का प्रयास कर रहे हैं, यह वही लोग हैं, जिनकी सरकार में दंगे होते थे, गुण्डे और माफिया प्रदेश में ताण्डव मचाते थे। यह वही लोग हैं, जो कांवड़ यात्रा में रोक लगाते थे। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में तुष्टिकरण नहीं, बल्कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ के साथ संतुष्टिकरण की नीति है। विकास सबका, सुरक्षा सबको, लेकिन तुष्टिकरण किसी का नहीं। विगत आठ वर्षों में प्रदेश दंगा तथा गुण्डागर्दी और माफियागिरी से मुक्त हुआ है।


एक तरफ ऐसे लोग पीडीए की बात करते हैं, दूसरी तरफ जब बांग्लादेशी और पाकिस्तानी घुसपैठियों तथा रोहिंग्या को मतदाता बनाकर यहां के वंचितों, पीड़ितों और भारत के नागरिकों को मतदान करने से वंचित करने के इनके दुष्चक्र के खिलाफ जब कार्य हो रहा है, तो उसमें व्यवधान भी पैदा करते हैं। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि श्रद्धेय बाबूजी कल्याण सिंह जी हम सबका आदर्श और एक नई प्रेरणा हैं। हम सभी उनसे प्रेरित हों, उसे अपने जीवन में अंगीकार करें।

इस अवसर पर केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि बाबूजी ने राष्ट्रवाद, समरसतावाद के सिद्वांतों पर सरकार की स्थापना कर जनकल्याण के कार्य किए। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बाबूजी को पद्म विभूषण से सम्मानित करने के लिए भारत सरकार को धन्यवाद देते हुए कहा कि बाबूजी के नेतृत्व में पहली बार उत्तर प्रदेश में हमारी सरकार बनी। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि बाबूजी ने अपनी जिम्मेदारियों एवं दायित्वों का बखूबी निर्वहन किया।
विधान परिषद सदस्य भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि बाबूजी के जीवन का महत्व हम सभी को समझना चाहिए। उनकी विचारधारा अनुकरणीय है।


पूर्व सांसद एवं कार्यक्रम के आयोजक राजवीर सिंह ‘राजू भैय्या’ ने कहा कि बाबूजी ने ’राम काज कीजे बिनु मोहि कहां विश्राम’ को चरितार्थ करने का कार्य किया। उन्होंने प्रदेश में दो बार दंगा रहित, बिना पक्षपात व जातिवाद के सरकार का कुशल संचालन किया। मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, कपिल देव अग्रवाल, असीम अरुण, नरेन्द्र कुमार कश्यप, सन्दीप सिंह ने भी सम्बोधित किया। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह, माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री गुलाब देवी, खेल मंत्री गिरीश चन्द्र यादव, कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह ओलख, महिला कल्याण राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला सहित अनेक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *