लखनऊ पारा क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग विवाद में मजदूर शिव प्रकाश (45) की रॉड से पीटकर हत्या, सड़क पर खून से लथपथ शव
आरोपी सतीश गौतम हिरासत में, पुराने विवाद और धमकी की जांच के साथ पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है
लखनऊ। राजधानी के पारा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक मजदूर की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। रविवार तड़के करीब दो बजे सड़क पर खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान बी. चंद्रा एकेडमी के पास रहने वाले शिव प्रकाश उर्फ छोटू (45) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, मृतक की पत्नी सविता और उसके कथित प्रेमी सतीश गौतम के बीच लंबे समय से संबंध थे, जिसको लेकर पति-पत्नी में विवाद होता रहता था। परिजनों ने आरोप लगाया है कि साजिश के तहत शिव प्रकाश की हत्या की गई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी सतीश गौतम और मृतक के बीच जुलाई माह में भी विवाद हुआ था, जिसमें मारपीट और जान से मारने की धमकी का मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इंस्पेक्टर सुरेश मौर्या ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

