आम आदमी पार्टी यूपी में ‘रोजगार दो सामाजिक न्याय दो’ के मुद्दे पर पदयात्रा करेगी
आप सांसद संजय सिंह ने युवाओं से यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया है
लखनऊ। आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश में सरयू से संगम तक पदयात्रा निकालेगी। यात्रा युवाओं के रोजगार और सामाजिक न्याय के मुद्दे पर होगी। शुरुआत सरयू के तट से सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती 31 अक्तूबर को यात्रा होगी। 15 नवंबर को संगम के तट पर खत्म होगी। आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने यह जानकारी गुरुवार को दी।
संजय सिंह ने बताया कि यात्रा में युवाओं से शामिल होने का आह्वान किया है। आप सांसद ने कहा कि प्रदेश में रोजगार एक बड़ा मुद्दा है। युवाओं को रोजगार चाहिए लेकिन सरकार नहीं दे पा रही है। पेपर लीक आम हो गया है। वहीं, जातियों के आधार पर लोगों का उत्पीड़न किया जा रहा है। इसलिए यात्रा का विषय ‘रोजगार दो सामाजिक न्याय दो’ रखा गया है। ये पदयात्रा अयोध्या, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़ और प्रयागराज से होकर गुजरेगी जो कि 200 किलोमीटर की होगी।
बचत उत्सव नहीं चपत उत्सव है यह
आप सांसद ने जीएसटी की दरों में बदलाव को लेकर केंद्र की मोदी सरकार को घेरा और कहा कि आठ साल तक देश की जनता को लूटा गया। उनसे 127 लाख करोड़ वसूल लिए गए और अब कह रहे हैं कि राहत देंगे। कहा कि ये बचत उत्सव नहीं चपत उत्सव है।