पीएसी का गौरवशाली इतिहास अनुशासन, शौर्य और समर्पण की पहचान : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

Anoop

December 20, 2025

यूपी पीएसी के 78वें स्थापना दिवस पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवान व संस्थान सम्मानित

सीएम योगी ने दी प्रदेशवासियों और पीएसी के जवानों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश प्रादेशिक आर्म्ड कॉन्स्टेबुलरी (यूपी पीएसी) के 78वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों और पीएसी के जवानों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। स्थापना दिवस समारोह-2025 का शुभारम्भ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएसी का इतिहास अनुशासन, शौर्य, त्याग और समर्पण से परिपूर्ण रहा है। साहस, कर्तव्यनिष्ठा, व्यावसायिक दक्षता और कठोर प्रशिक्षण ही पीएसी की पहचान है। प्रदेश सरकार पीएसी जवानों के सम्मान, सुविधाओं और संसाधनों में निरन्तर वृद्धि के लिए कृतसंकल्पित है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सर्वश्रेष्ठ वाहिनी, सर्वश्रेष्ठ बाढ़ राहत दल, उत्कृष्ट खिलाड़ी, बेस्ट पुलिस मॉडर्न स्कूल तथा मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। उन्होंने पीएसी द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया। पीएसी जवानों द्वारा मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सुरक्षा, शान्ति और समृद्धि का वातावरण कानून के राज के कारण ही सुदृढ़ हुआ है। सुशासन निवेश को सुरक्षित बनाता है और सुरक्षित निवेश युवाओं की आकांक्षाओं की पूर्ति का माध्यम बनता है। पीएसी बल आन्तरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, आपदा प्रबन्धन, पर्व-त्योहारों की व्यवस्था, वीवीआईपी सुरक्षा तथा चुनावों के शांतिपूर्ण संचालन में अग्रिम पंक्ति में कार्य करता रहा है। एटीएस और एसटीएफ सहित विभिन्न दायित्वों में भी पीएसी की भूमिका उल्लेखनीय है।

मुख्यमंत्री ने 13 दिसम्बर को संसद पर आतंकी हमले और जुलाई 2005 में श्रीराम जन्मभूमि परिसर पर हमले के दौरान पीएसी जवानों के शौर्य का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने पीएसी की 46 कम्पनियों को पुनर्जीवित किया है, जिससे कानून-व्यवस्था और आन्तरिक सुरक्षा और सुदृढ़ हुई है। उन्होंने बताया कि पीएसी को अत्याधुनिक हथियारों और दंगा नियंत्रण उपकरणों से सुसज्जित किया गया है तथा प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों को अद्यतन कर सेवाकालीन ए, बी, सी कोर्स नियमित कराए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक 41,893 आरक्षियों और 698 प्लाटून कमाण्डरों की भर्ती की जा चुकी है। सीधी भर्ती के तहत 1,648 प्लाटून कमाण्डर और 15,131 आरक्षी पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रचलित है। महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए तीन महिला पीएसी बटालियनों के गठन की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस कल्याण योजना के अंतर्गत 31 पुलिस मॉडर्न स्कूल संचालित हैं और पहली बार ‘बेस्ट परफॉर्मेंस पीएमएस’ का चयन किया गया है।

आवासीय सुविधाओं, कैंटीन व्यवस्था, पदोन्नति, अनुकम्पा नियुक्ति और खेल प्रोत्साहन के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। खेल बजट बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये किया गया है, जिसके परिणामस्वरूप प्रदेश पुलिस के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय पदक अर्जित किए हैं। कार्यक्रम में समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण, प्रमुख सचिव गृह एवं सूचना संजय प्रसाद, एडीजी पीएसी डॉ. रामकृष्ण स्वर्णकार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *