प्रबंध निदेशक प्रभु एन. सिंह की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग से हुई समीक्षा बैठक
होली पर्व और अन्य त्योहारों के दृष्टिगत यात्रियों की सुगम यात्रा के विशेष दिशा-निर्देश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु एन. सिंह की अध्यक्षता में आज वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के माध्यम से एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में आगामी होली पर्व और अन्य त्योहारों के दृष्टिगत यात्रियों की सुगम और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
प्रबंध निदेशक ने निर्देश दिया कि होली के अवसर पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रहनी चाहिए ताकि नागरिकों को आवागमन में कोई असुविधा न हो।
यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एमडी ने वाहनों के रखरखाव के लिए निम्नलिखित कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी बसों की नियमानुसार 13 एवं 31 बिंदुओं पर नियमित और अनिवार्य जाँच सुनिश्चित की जाएगी। बसों की तकनीकी स्थिति को सुदृढ़ रखा जाएगा ताकि सुरक्षित संचालन में कोई बाधा न आए। चालकों और परिचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे प्रत्येक निर्धारित स्टॉप पर बस को अनिवार्य रूप से रोकें।
प्रभु एन. सिंह ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के नागरिकों को आवागमन की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने परिवहन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को सजग रहने की सलाह देते हुए कहा कि यात्रियों को उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुँचाना विभाग की मुख्य जिम्मेदारी है।

