दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर तर्ज पर सजेगा बप्पा का भव्य दरबार, 27 को विराजेंगे मनौतियों के राजा

Anoop

August 25, 2025

झूलेलाल वाटिका पर 27 अगस्त से 6 सितंबर तक सजेगा भव्य श्री गणेश महोत्सव

भव्य रुप में सज रहा पंडाल, आपरेशन सिंदूर की ब्राम्होस्त्र मिसाइल दिखेगी झलक

लखनऊ। श्री गणेश प्राकट्य कमेटी का 20वां श्री गणेश महोत्सव 27 अगस्त से 6 सितंबर तक गोमती नदी के किनारे झूलेलाल वाटिका में सजेगा। मनौतियों के राजा के नाम से हर वर्ष आयोजित होने वाले शहर के सबसे विशाल श्री गणेश महोत्सव के लिए विशाल पंडाल तैयार हो रहा है। महोत्सव के संरक्षक भारत भूषण गुप्ता ने बताया कि गजानन जी के विशेष पंडाल को कोलकाता के कुशल कारीगर एक महीने से तैयार कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि बप्पा का दरबार दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर की तर्ज पर बन रहा ये पंडाल 85 फीट ऊंचा होगा। पंडाल 15000 वर्ग फुट में वातानुकूलित वाटर प्रूफ तैयार किया जा रहा है। महोत्सव में आपरेशन सिंदूर में इस्तेमाल की गई शौर्यगाथा बयां करती ब्राम्होस्त्र मिसाइल की झलक दिखेगी। अध्यक्ष घनश्याम अग्रवाल ने  बताया कि पंडाल के बाहर 14 हजार वर्ग फीट में श्रद्धालुओं के लिए बैठने के बंदोबस्त होंगे।

इस बार आम श्रद्धालुओं का 10 करोड का बीमा कराया गया है। मनौतियों के राजा भगवान श्री गणेश का 25 लाख स्र्पए का बीमा कराया गया है। महामंत्री सतीश अग्रवाल ने बताया कि बप्पा की मूर्ति 6 फुट की मुंबई के सिद्धिविनायक की तर्ज पर तैयार की गई है। लखनऊ के मूर्तिकार श्रवण प्रजापति श्री गणेश जी मुर्ति को तैयार कर रहे हैं। सुरक्षा की दृष्टि से 25 महिला व 25 पुस्र्षों सुरक्षाकर्मी होंगे। पंडाल मे 60 सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। उपाध्यक्ष व पार्षद रंजीत सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में शासन प्रशासन, नगर निगम, पुलिस प्रशासन सभी का भरपूर सहयोग प्राप्त हो रहा है।

सांस्कृतिक कार्यक्रम कोलकाता के प्रसिद्ध संजय शर्मा के संयोजन में होंगे। बीकानेर के मशहूर भजन गायक प्रवेश शर्मा 29 अगस्त को, खलीलाबाद के चर्चित भजन गायक रोमी सरदार 31 अगस्त,  ग्वालियर के भजन गायक मनोज शर्मा 2 सितम्बर, देवघर के जानेमाने भजन गायक मनोज अजीत मनौतियों के राजा के दरबार में हाजिरी लागायेंगे। विशेष प्रकार के झूले, फूड, किड्स, गेम जोन, शापिंग जोन, लाइव प्रोग्राम नृत्य नाटिका एवं भजन, सिंगर सेलेब्रिटी मुख्य आकर्षण रहेंगे।

मनौतियों के राजा को लिखी जाएंगी चिट्ठियां

कमेटी के सदस्य योगेश बंसल व शरद अग्रवाल ने बताया कि हर वर्ष करीब 82 हजार चिट्ठियां लिखी जाने वाले बप्पा के दरबार में इस बार लाखों भक्तों के आने की उम्मीद है। अखिलेश बंसल ने बताया कि बप्पा के दर्शन प्रतिदिन सुबह 10 से 12 बजे तक, दोपहर 1 से 5 बजे तक और शाम 6 से रात 11 होंगे। श्री गजानन के नाम चिट्ठी प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक श्रद्धालु लिख सकते हैं।

शोभा यात्रा 6 सितम्बर को, मूर्ति का होगा भू विसर्जन

6 सितम्बर को मनौतियों के राजा की शोभा यात्रा झूलेलाल वाटिका से 1 बजे प्रारम्भ होकर विश्वविद्यालय मार्ग, आईटी चौराहा, रामकृष्ण मठ, शंकरनगर, नजीरगंज, डालीगंज होते हुये झूलेलाल वाटिका पर समाप्त होगी। विसर्जन शोभा यात्रा निकलने के बाद गणेश प्रतिमा का झूलेलाल वाटिका के पास भू-विसर्जन किया जायेगा। प्रेसवार्ता में देशराज अग्रवाल, संजय सिंह गांधी, अतुल बंसल, रामशंकर वर्मा, गोपाल अग्रवाल, अजय अग्रवाल, जयकरन, सुधांशु बाथम, नरेश अग्रवाल, रोहित अग्रवाल, अतुल (सोनू), रोहित महानगर समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *