दीपावली से पहले लखनऊ-दिल्ली आने वाली उड़ानों के किराये ने छुआ आसमान
यात्रियों को ट्रेनों में सीटें नहीं मिल रही हैं और विमान का किराया आसमान छू रहा है
लखनऊ। दीपावली के नजदीक आते ही दिल्ली, मुंबई से लखनऊ आने वालों के लिए सफर के लिए यात्रियों के सामने मुसीबतें बढ़तीं जा रहीं हैं। ट्रेनों में रिग्रेट होने से सीटें बुक नहीं हो रही हैं और विमानों का किराया करीब दो महीने पहले ही चार गुना तक महंगा हो गया है। त्योहार के करीब आने पर सात से आठ गुना ज्यादा यात्राएं महंगा होने की आशंका जताई जा रही है।
20 अक्तूबर को दीपावली है। दिल्ली व मुंबई में बड़ी संख्या में रहने वाले लखनऊवासियों की वापसी 18 से ही शुरू हो जाएगी। खास बात यह है कि लखनऊ आने के लिए यात्रियों को अभी से पसीने छूटने लगे हैं। उन्हें ट्रेनों में सीटें नहीं मिल रही हैं और विमान का किराया आसमान को छूने लगा है। नई दिल्ली से लखनऊ आने वाली एयर इंडिया की सीधी उड़ान एआई-2477 का टिकट 4747 रुपये में मिल रहा है। इंडिगो की डायरेक्ट फ्लाइट 6ई-2258 का टिकट 4831 रुपये में उपलब्ध है। जबकि एयर इंडिया व इंडिगो की अन्य उड़ानों के टिकट 72 सौ रुपये तक पहुंचे हैं। आम दिनों में तीन से चार हजार रुपये में टिकट मिल जाते हैं।