देश की सेवा करते हुए बलिदान देने वाले हापुड़ के लाल, रिंखिल बालियान हुए शहीद
उनके पैतृक गांव भटैल में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया
हापुड़ (हाफिजपुर): जम्मू के डोडा में देश की सेवा करते हुए जम्मू के जिला डोडा में सड़क हादसे में बलिदान हुए यूपी के हापुड़ स्थित गांव भटैल निवासी जवान रिंखिल बालियान का पार्थिव शरीर शनिवार सुबह गांव पहुंचा तो यहां कोहराम मच गया। बलिदान देने वाले हापुड़ के लाल, रिंखिल बालियान का शनिवार को उनके पैतृक गांव भटैल में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। यह विदाई इतनी भावुक थी कि सुरक्षा बल के जवानों से लेकर जिले के आला अधिकारी तक अपने आंसू नहीं रोक पाए।
अंतिम संस्कार के दौरान सबसे गमगीन पल तब आया जब शहीद रिंखिल के एक वर्षीय पुत्र राघव को उसके चाचा ऋषभ ने गोद में लेकर चिता को मुखाग्नि दिलाई। इस मंजर को देखकर वहां मौजूद जनसैलाब की आंखें नम हो गईं। जिले के डीएम अभिषेक पांडेय भी इस दृश्य को देख भावुक हो गए और उनके आंसू छलक आए। शनिवार सुबह जैसे ही शहीद का पार्थिव शरीर सेना के वाहन से गांव पहुंचा, पूरा इलाका ‘भारत माता की जय’ और ‘जब तक सूरज चांद रहेगा, रिंखिल तेरा नाम रहेगा’ के नारों से गूंज उठा।
शहीद की पत्नी रिंकी और मां मंजू अपने लाल के अंतिम दर्शन कर बार-बार बेहोश हो रही थीं। विधायक विजयपाल आढ़ती, एसपी ज्ञानंजय सिंह और पूर्व विधायक गजराज सिंह समेत कई गणमान्य व्यक्तियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

