हॉकी इंडिया के मुख्य चयनकर्ता होने के साथ उत्तर प्रदेश हॉकी संघ के हैं अध्यक्ष
भारतीय हॉकी टीम के कप्तान और अजलान शाह जैसे टूर्नामेंट की गोल्ड मेडलिस्ट टीम के रहे सदस्य
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के खेल निदेशक और भारतीय हॉकी के दिग्गज रहे डॉ. आरपी सिंह को अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) पुरुष हॉकी जूनियर वर्ल्ड कप 2025 में एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें तमिलनाडु में 28 नवंबर से 10 दिसंबर 2025 तक आयोजित हो रहे इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिए जूरी ऑफ अपील का सदस्य नियुक्त किया गया है।
इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन के अध्यक्ष तय्यब इकराम ने इस संबंध में पत्र जारी किया। डॉ. आरपी सिंह वर्तमान में हॉकी इंडियाके मुख्य चयनकर्ता और उत्तर प्रदेश हॉकी संघ के अध्यक्ष भी हैं। पेरिस ओलंपिक खेलों में भारतीय हॉकी टीम के मुख्य चयनकर्ता रहे डॉ. सिंह ने इस नई नियुक्ति को अपने लिए “बड़ी जिम्मेदारी और गौरव” बताया है।
⚖️ जूरी ऑफ अपील की भूमिका
जूरी ऑफ अपील टूर्नामेंट के दौरान होने वाले किसी भी विवाद, विरोध या टेक्निकल डेलिगेट के फैसलों के खिलाफ आई अपील की सुनवाई और अंतिम निर्णय करने वाली सर्वोच्च संस्था होती है। यह सुनिश्चित करती है कि प्रतियोगिता के नियम और टूर्नामेंट के नियम का पालन निष्पक्ष तरीके से हो।
🥇 हॉकी में स्वर्णिम कॅरियर
डॉ. आरपी सिंह भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान रहे हैं और उनका अंतर्राष्ट्रीय कॅरियर शानदार रहा है:
- पदक विजेता टीम के सदस्य: उन्होंने सियोल (1986) और बीजिंग (1990) एशियन गेम्स, 1989 एशिया कप, और 1988 प्री-ओलंपिक (स्वर्ण पदक) में देश का प्रतिनिधित्व किया।
- विश्व मंच पर प्रतिनिधित्व: वह 1986 (लंदन) और 1990 (लाहौर) विश्व कप में भारतीय टीम का हिस्सा थे।
वह सुल्तान अजलान शाह जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की गोल्ड मेडलिस्ट टीम के भी सदस्य रहे हैं।

