चुनाव कैरो (इजिप्ट) में एशियन हैंडबॉल फेडरेशन की ऑर्डिनरी कांग्रेस में हुआ
कांग्रेस के दौरान एएचएफ काउंसिल के लिए पाँच सदस्यों का चुनाव किया गया
लखनऊ। साउथ एशियन हैंडबॉल फेडरेशन के महासचिव एवं हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया के कार्यकारी निदेशक डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय को एशियन हैंडबॉल फेडरेशन (एएचएफ) का काउंसिल मेंबर चुना गया है। यह चुनाव कैरो (इजिप्ट) में 20 दिसंबर को आयोजित एशियन हैंडबॉल फेडरेशन की ऑर्डिनरी कांग्रेस में सम्पन्न हुआ, जिसमें एशिया महाद्वीप के 36 देशों ने भाग लिया।
कांग्रेस के दौरान एएचएफ काउंसिल के लिए पाँच सदस्यों का चुनाव किया गया, जिनमें डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय भी निर्वाचित हुए। हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया के महासचिव डॉ. तेजराज सिंह ने बताया कि पद्मश्री डॉ. आर.एल. आनंद के बाद डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय एशियन हैंडबॉल फेडरेशन के काउंसिल मेंबर बनने वाले भारत के दूसरे व्यक्ति हैं। इससे एशियाई हैंडबॉल मंच पर भारत की भूमिका और सशक्त होगी।
डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय ने बताया कि कैरो में आयोजित बैठकों के दौरान इंटरनेशनल हैंडबॉल फेडरेशन, एशियन हैंडबॉल फेडरेशन, कॉमनवेल्थ हैंडबॉल फेडरेशन तथा साउथ एशियन हैंडबॉल फेडरेशन के सत्र भी सम्पन्न हुए, जिनमें भारत ने सक्रिय भागीदारी करते हुए अपने सुझाव प्रस्तुत किए। इसी क्रम में साउथ एशियन हैंडबॉल फेडरेशन की आगामी चार वर्षों की कार्यकारिणी के गठन पर सर्वसम्मति से सहमति बनी और इसके लिए महासचिव के रूप में डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय को अधिकृत किया गया है।
वे जल्द ही नई कार्यकारिणी की घोषणा करेंगे। एएचएफ के काउंसिल मेंबर के रूप में डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय एशियाई महाद्वीप में हैंडबॉल खेल के विकास, नीतियों के निर्माण, शासन व्यवस्था को सुदृढ़ करने और दीर्घकालिक रणनीतिक पहलों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। एशियन हैंडबॉल फेडरेशन के नवनिर्वाचित पाँच काउंसिल मेंबर हैं—डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय (भारत), मोहम्मद गुलदार (यूएई), डॉ. अहमद (इराक), डॉ. चुंग हायकुंग (कोरिया) और आमिर अलबरवानी (ओमान)।

