रिटायर्ड सैनिक जहरीला पदार्थ खाकर सीएम योगी के जनता दरबार में पहुंचे
भाजपा विधायक के उत्पीड़न से परेशान होकर ऐसा कदम उठाने का आरोप
लखनऊ। यूपी के रिटायर्ड सैनिक जहरीला पदार्थ खाकर सीएम योगी के जनता दरबार में पहुंचे। उन्हें तत्काल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। भाजपा विधायक के उत्पीड़न से परेशान होकर ऐसा कदम उठाने का आरोप है।
लखनऊ में गुरुवार को एक रिटायर्ड फौजी जहरीला पदार्थ खाकर सीएम योगी के जनता दरबार में पहुंच गए। वहां पर तैनात सिक्योरिटी स्टॉफ को उन्होंने पूरी बात बताई। उसे तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। सैनिक का आरोप है कि उसने गाजियाबाद से भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर के उत्पीड़न से तंग आकर यह कदम उठाया है।
बताया गया कि गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र के सिरौली निवासी रिटायर्ड फौजी सतबीर गुर्जर सीएम जनता दरबार में पहुंचे थे। यहां सुरक्षा में तैनात स्टाफ को उन्होंने बताया कि वह जहरीला पदार्थ खाकर आए हैं। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। इस दौरान सतबीर ने भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर पर कई गंभीर आरोप लगाए।
सोशल मीडिया पर से हुआ खुलासा
रिटायर्ड फौजी के पास से एक शिकायती पत्र मिला। जिसमें उन्होंने लिखा था कि विधायक ने बीते अप्रैल महीने में कलश यात्रा निकाली थी। उनका उद्देश्य सरकार गिराना था। इसकी जानकारी होने पर रिटायर्ड फौजी ने साजिश को पहचानकर सोशल मीडिया पर खुलासा कर दिया था।