चिनहट सीएचसी में डिप्टी सीएम का ‘सरप्राइज छापा’: अव्यवस्था देख बिफरे ब्रजेश पाठक, स्वास्थ्य कर्मियों को दी कड़ी चेतावनी

Anoop

March 16, 2026

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने लखनऊ में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का किया औचक निरीक्षण

अस्पताल पहुंचते ही डिप्टी सीएम सीधे ओपीडी की कतारों में खड़े मरीजों के बीच जा पहुंचे

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा मंत्री व उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने आज राजधानी के चिनहट स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य महकमे में खलबली मचा दी। बिना किसी पूर्व प्रोटोकॉल के पहुंचे डिप्टी सीएम ने अस्पताल की जमीनी हकीकत परखी और खामियां मिलने पर अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।

अस्पताल पहुंचते ही डिप्टी सीएम सीधे ओपीडी की कतारों में खड़े मरीजों के बीच जा पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद लोगों से बातचीत कर यह जानने का प्रयास किया कि क्या उन्हें मुफ्त दवाइयां और समय पर परामर्श मिल रहा है। उन्होंने मरीजों से पूछा— “डॉक्टर साहब समय पर आते हैं या बाहर की दवा तो नहीं लिख रहे?”

गंदगी देख सख्त हुए तेवर

निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में फैली गंदगी और बदहाली देख उपमुख्यमंत्री का पारा चढ़ गया। उन्होंने सफाई व्यवस्था को लेकर अस्पताल प्रशासन को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि “सरकारी अस्पतालों में मरीजों की सेहत से खिलवाड़ और लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर की बारीकी से जांच की और ड्यूटी से नदारद रहने वाले कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संकेत दिए।

अभियान की समीक्षा और निर्देश

डिप्टी सीएम ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान की प्रगति का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों के साथ रूट मैप की समीक्षा की और निर्देश दिया कि अभियान केवल कागजों पर न चले, बल्कि धरातल पर इसका प्रभाव दिखना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *