कोहरे से यूपी में जनजीवन प्रभावित, कई जिलों में दृश्यता शून्य

Anoop

December 27, 2025

तराई समेत कई जिलों में घना से बहुत घना कोहरा, दो दिन तक सर्दी और गलन का अलर्ट

इटावा में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री, मौसम विभाग ने जारी किया पूर्वानुमान

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सर्दी का असर लगातार तेज होता जा रहा है। शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में घने से बहुत घने कोहरे के कारण दृश्यता शून्य दर्ज की गई, जिससे सड़क व रेल यातायात प्रभावित रहा। तराई क्षेत्र में ठंड और गलन का असर सबसे अधिक देखने को मिला। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, शनिवार सुबह शाहजहांपुर, बरेली, अलीगढ़, मुरादाबाद, प्रयागराज और कुशीनगर में घना कोहरा छाया रहा, जहां दृश्यता शून्य तक पहुंच गई। वहीं मेरठ, हरदोई, बहराइच और बलिया में 50 मीटर से भी कम दृश्यता दर्ज की गई।

तापमान की बात करें तो इटावा प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बाराबंकी और चुर्क में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री, आगरा में 7.1 डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी लखनऊ में न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री और अधिकतम 18 डिग्री सेल्सियस रहा। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि आगामी दो दिनों तक मौसम में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और सुबह के समय घना कोहरा बना रह सकता है।

वहीं मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, रविवार को भी प्रदेश के कई जिलों में घने से बहुत घने कोहरे की संभावना है। तराई क्षेत्र और दिल्ली-एनसीआर में भी इसी तरह की स्थितियां बनी रहेंगी। उन्होंने बताया कि दो दिन बाद बादल छंटने लगेंगे, जिससे कोहरे में कमी आएगी और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग ने नागरिकों से सतर्कता बरतने और आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *