ऐशबाग ईदगाह में उमड़ा अकीदत का सैलाब: गंगा-जमुनी तहजीब के बीच नेताओं ने दी ईद की मुबारकबाद

Prashant

March 21, 2026

ईद की नमाज़ के बाद गंगा-जमुनी तहजीब की रिवायत हुई मुकम्मल गले मिल लिख दी सौहार्द की बेमिसाल इबारत

विभिन्न सियासी रहनुमाओं व अवाम के मिलन ने साबित कर दिया कि लखनऊ रवादारी और अटूट भाईचारे का है मरकज़

लखनऊ। शनिवार को लखनऊ स्थित ऐतिहासिक ऐशबाग ईदगाह में ईद-उल-फितर का पर्व हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। नमाज के बाद ईदगाह परिसर में सांप्रदायिक सौहार्द की एक अनुपम मिसाल बन गया, जहाँ विभिन्न राजनीतिक विचारधाराओं के दिग्गजों ने एक-दूसरे को गले लगाकर प्रेम और एकजुटता का संदेश दिया।

इस पावन अवसर पर इंडियन राहत फाउंडेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष और भाजपा नेता इमरान खान ने ईदगाह के इमाम मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली से मुलाकात कर उन्हें ईद की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व उप-मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा भी मौजूद रहे। इमरान खान ने डॉ. शर्मा से भेंट कर उन्हें ईद की मुबारकबाद पेश की। उपस्थित जनसमूह और कार्यकर्ताओं के बीच डॉ. दिनेश शर्मा के सहज, सरल और स्नेहपूर्ण व्यवहार की जमकर सराहना की गई।

एक मंच पर दिखे दिग्गजों के चेहरे

ईद की खुशियों के बीच ऐशबाग ईदगाह में राजनीतिक दूरियां मिटती नजर आईं। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और विधायक रविदास मेहरोत्रा जैसे प्रमुख व्यक्तित्व भी शामिल हुए। सभी नेताओं ने एक स्वर में प्रदेशवासियों को ईद की बधाई दी और समाज में शांति व भाईचारा बनाए रखने की अपील की।

गंगा-जमुनी तहजीब की महक

ईदगाह में नेताओं का यह मिलन केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि लखनऊ की उस गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतिबिंब था जहाँ धर्म और राजनीति से ऊपर उठकर मानवीय संवेदनाएं और त्योहारों की खुशियाँ साझा की जाती हैं। इमरान खान ने इस अवसर पर कहा कि ईद का यह पर्व हमें एकजुट रहने और मानवता की सेवा करने की प्रेरणा देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *