आईपीएल 2026: लखनऊ सुपर जाइंट्स ने फूँका बिगुल; ऋषभ पंत की कप्तानी में इकाना में कल से सजेगा अभ्यास सत्र

Anoop

March 16, 2026

आईपीएल 2026 के लिए नवाबों के शहर लखनऊ में क्रिकेट प्रेमियों के बीच का छाया खुमार

 लखनऊ सुपर जाइंट्स ने भी ऋषभ पंत की कप्तानी में आगामी सीजन के लिए कसी कमर

लखनऊ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन के लिए नवाबों के शहर लखनऊ में क्रिकेट का खुमार चढ़ने लगा है। लखनऊ सुपर जाइंट्स ने आगामी सीजन के लिए अपनी कमर कस ली है। ग्लोबल क्रिकेट डायरेक्टर टॉम मूडी और मुख्य कोच जस्टिन लैंगर के नेतृत्व में टीम के खिलाड़ी लखनऊ पहुँच चुके हैं और सोमवार से इकाना स्टेडियम में अभ्यास सत्र का आगाज करेंगे।

इस बार लखनऊ की टीम एक नए कलेवर में नजर आएगी। भारतीय स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत टीम की कमान संभाल रहे हैं। टीम में अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट के बड़े नामों का मिश्रण है। प्रमुख खिलाड़ी: एडन मार्करम, मिशेल मार्श, मोहम्मद शमी, आवेश खान और अब्दुल समद। इसके अलावा अर्जुन तेंदुलकर, मयंक यादव और अर्शीन कुलकर्णी जैसे खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाने को तैयार हैं।

दर्शकों के लिए बड़ी सुविधा: अब ‘M-Ticket’ से मिलेगी एंट्री

प्रशंसकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए LSG प्रबंधन ने इस बार M-Ticket (मोबाइल टिकट) की सुविधा शुरू की है। बुक माई शो (BookMyShow) पर बुकिंग करते ही टिकट मोबाइल पर प्राप्त होगा। अब प्रशंसकों को फिजिकल टिकट लेने के लिए लंबी लाइनों में नहीं लगना होगा। गेट पर क्यूआर कोड स्कैन करके सीधा प्रवेश मिलेगा। यह पूरी तरह पेपरलेस और सुरक्षित व्यवस्था है। 1 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले पहले घरेलू मैच के टिकट लाइव हो चुके हैं।

मैच के दिन विशेष इंतजाम

स्टेडियम में भीड़ को नियंत्रित करने और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए प्रबंधन ने कई अहम निर्णय लिए हैं। जिसमें महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के लिए सभी गेट पर अलग लाइन की व्यवस्था होगी। ₹4,999 की खास मेम्बरशिप के जरिए प्रशंसक सभी घरेलू मैच देख सकेंगे। साथ ही उन्हें खिलाड़ियों से मिलने का मौका, ऑफिशियल फैन जर्सी और मेम्बरशिप कार्ड भी दिया जाएगा।

लखनऊ पहुँचे दिग्गज

अभ्यास सत्र के लिए कोच लांस क्लूजनर के साथ-साथ मयंक यादव, आवेश खान, अब्दुल समद, हिम्मत सिंह और मुकुल चौधरी जैसे खिलाड़ी पहले ही शहर पहुँच चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *