राज्य और केंद्रीय निर्वाचन आयोग के आंकड़ों में अंतर पर सपा अध्यक्ष ने जताया संदेह
नववर्ष पर सम्मानित हुए अखिलेश यादव, माघ मेले में सुरक्षा व्यवस्था की सराहना की
लखनऊ। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नव वर्ष की बधाई देने आए कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे बूथ स्तर पर पार्टी को और मजबूत करने में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची पर सतर्क नजर रखी जाए और जिन लोगों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, उन्हें तुरंत सूची में जोड़ा जाए।
अखिलेश यादव ने कहा कि जिस समय मुख्यमंत्री ने कहा था कि चार करोड़ वोट कट गए हैं, उस समय अधिकारियों को बेईमानी करने का संदेश मिला। उन्होंने राज्य निर्वाचन आयोग और केंद्रीय निर्वाचन आयोग के आंकड़ों में अंतर पर सवाल उठाया और कहा कि यदि मतदाताओं की संख्या के आंकड़ों में फर्क है तो एसआईआर (मतदाता सूची) का क्या अर्थ रह गया। उन्होंने उम्मीद जताई कि चुनाव आयोग, मैपिंग एप और तकनीकी सहयोग देने वाली कंपनियां निष्पक्ष कार्य करेंगी।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार से हर वर्ग परेशान है। किसान, नौजवान और महिलाएं त्रस्त हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे मतदाता सूची की निगरानी करें और पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
नववर्ष के अवसर पर सदर कैंट गुरुद्वारा साहिब की ओर से अखिलेश यादव को सरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नरेंद्र सिंह छाबड़ा, नवल जीत सिंह नागपाल, सुरेंद्र सिंह छाबड़ा, आतम सिंह सोढ़ी और महेंद्र सिंह छाबड़ा उपस्थित थे। अभिषेक दीक्षित ने संडीला के लड्डू भेंट किए।
मुलायम सेवा संस्थान के प्रांगण में माघ मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की अतिरिक्त सजगता के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस की मुस्तैदी का भी अखिलेश यादव ने स्वागत और सराहना की। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन यह देख रहा है कि नेताजी के प्रति आम लोगों की कितनी आस्था रही है। लाखों लोग दर्शनार्थी बनकर आएंगे, इसलिए सुरक्षा को विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आगामी चुनावों में पार्टी को मजबूती प्रदान करें और मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की अनियमितता को नजरअंदाज न करें।

